जानें पौधों में कब और कैसे करें सरसों खली का इस्तेमाल, होगा डबल फायदा – When And How To Add Mustard Cake In Plants In Hindi 

सरसों खली या मस्टर्ड केक पाउडर का इस्तेमाल आमतौर पर पौधों के लिए जैविक खाद के रूप में किया जाता है। यह सरसों के बीज से तेल निकालने के बाद बचा हुआ पदार्थ होता है, जिसमें नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटैशियम और सल्फर जैसे आवश्यक पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा पाई जाती है। यह पोषक तत्व पौधों की अच्छी वृद्धि तथा बेहतर विकास के लिए आवश्यक होते हैं। आज इस लेख में हम आपको गार्डन में मस्टर्ड केक का उपयोग कब और कैसे करना है, इसकी जानकारी देंगे, जिससे आप इसे अधिक प्रभावी बना पाएं और गार्डनिंग में इसके इस्तेमाल से अधिक से अधिक फायदा उठा पाएं। होम गार्डन के पौधों में सरसों की खली का प्रयोग कैसे करें या गमले की मिट्टी में मस्टर्ड केक कब, कैसे और कितना डालें? जानने के लिए लेख पूरा पढ़ें।

मस्टर्ड केक क्या है – What Is Mustard Cake In Hindi 

मस्टर्ड केक एक प्राकृतिक जैविक खाद है, जो सरसों के बीज से बनाई जाती है। इसमें कई सारे आवश्यक पोषक तत्व होते हैं, जो पौधे के बेहतर विकास में मदद करते हैं। आमतौर पर सरसों की खली का उपयोग टेरेस गार्डन, बालकनी गार्डन, कंटेनर गार्डन में लगे पौधों को खाद देने के लिए किया जाता है। इसके अतिरिक्त सरसों खली की तीखी गंध होती है, जिसके कारण इसका उपयोग प्राकृतिक कीट विकर्षक के रूप में भी किया जाता है।

(यह भी जानें: जानिए, टेरेस गार्डन के लिए कौन सी मिट्टी सबसे अच्छी है?..)

पौधों में मस्टर्ड केक पाउडर कब डालें – When To Add Mustard Cake Powder In Plants In Hindi 

पौधों में मस्टर्ड केक पाउडर कब डालें - When To Add Mustard Cake Powder In Plants In Hindi 

टेरेस गार्डन में लगे पौधों में सरसों की खली का उपयोग निम्न समय पर किया जा सकता है:

  • बीज या पौधे लगाने के पहले – बीज या पौधे को ट्रांसप्लांट करने से पहले मिट्टी में सरसों की खली को मिला सकते हैं, यह पौधों को शुरूआत से ही आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करेगा।
  • ग्रोइंग सीजन के दौरान – पौधे लगाने के बाद आप उन्हें अच्छी तरह बढ़ने के लिए अनुकूल ग्रोइंग सीजन में कुछ मात्रा में मस्टर्ड केक पाउडर मिट्टी में मिला सकते हैं।
  • पौधे में फूल आने से पहले – इसके बाद पौधे के स्वस्थ विकास और अधिक पैदावार के लिए मस्टर्ड केक को फूल आने से पहले मिट्टी में मिलाया जा सकता है।

आइये अब जानते हैं- पौधों में सरसों की खली का उपयोग कैसे करें?

सरसों की खली या मस्टर्ड केक पाउडर पौधे में कैसे डालें – How To Add Mustard Cake Powder To Plants In Hindi 

होम गार्डन के पौधों में मस्टर्ड केक पाउडर का प्रयोग करने के दो तरीके हैं:

1. ठोस रूप में (Solid Form)

सॉलिड अर्थात पाउडर फॉर्म में सरसों खली का इस्तेमाल आप निम्न तरह से कर सकते हैं:-

  • पॉटिंग मिक्स में मिलाकर – बीज या पौध लगाने से पहले मिट्टी में सरसों की खली मिलाकर एक बेहतरीन पॉटिंग मिक्स तैयार कर सकते हैं। मिश्रण तैयार करते समय यह सुनिश्चित करें, कि मस्टर्ड केक मिट्टी के साथ अच्छी तरह मिक्स हो जाए।
  • पौधे लगे गमले की मिट्टी में मिलाकर – यदि पहले से ही गार्डन या गमले में पौधे लगे हैं, तो उन पौधों पर आप मस्टर्ड केक का सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं। पौधे लगे गमले की मिट्टी की गुड़ाई करें, फिर सरसों खली को पौधे के चारों ओर मिट्टी पर छिड़कें तथा समान रूप से फैलाएं।

(नोट: मस्टर्ड केक को एक जगह एकत्रित न होने दें, इससे पौधे को नुकसान हो सकता है।)

(यह भी जानें: रेडी टू यूज पॉटिंग सॉइल क्या है, इसे कहाँ से खरीदें…)

ठोस रूप में सरसों की खली का प्रयोग करने की मात्रा – How Much Use Mustard Cake For Plants In Solid Form In Hindi 

गार्डन के पौधों के लिए मस्टर्ड केक की मात्रा पौधे के प्रकार और मिट्टी की स्थिति पर निर्भर करती है। सामान्य रूप में आप सरसों केक को 1:10 के अनुपात में मिट्टी के साथ मिला सकते हैं। इसका मतलब है कि आपको 10 भाग मिट्टी के साथ 1 भाग सरसों की खली को मिलाना चाहिए।

2. तरल रूप में (Liquid Form)

तरल रूप में (Liquid Form)

लिक्विड फॉर्म में मस्टर्ड केक का उपयोग पत्तियों पर स्प्रे के रूप में और मिट्टी में पानी देते समय किया जा सकता है, इससे पोषक तत्व सीधे पत्तियों द्वारा अवशोषित कर लिए जाते हैं। लेकिन ध्यान रहे इसका उपयोग सही मात्रा में करें, अधिक मात्रा में प्रयोग से पौधे की पत्तियां जल सकती हैं।

तरल रूप में सरसों खली का प्रयोग करने की मात्रा – How Much Use Liquid Mustard Cake Fertilizer For Plants In Hindi 

मस्टर्ड केक से लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने के लिए 100 ग्राम मस्टर्ड केक पाउडर को 1 लीटर पानी में डालकर 24-48 घंटे तक रखें, इसके बाद लिक्विड को छान लें। अब आप इस तरल खाद को 1:10 के अनुपात में पानी के साथ मिलाकर पत्तियों पर स्प्रे कर सकते हैं या फिर इस तरल खाद को आवश्यकता अनुसार गमले की मिट्टी में डाल सकते हैं।

(नोट: तरल रूप में सरसों खाद देने से पहले पत्तियों को अच्छी तरह पानी से साफ़ कर लें।)

(यह भी जानें: होम गार्डन प्लांट्स के लिए सबसे अच्छा लिक्विड फर्टिलाइजर…)

गार्डन में सरसों खली का उपयोग करते समय सावधानियां – Precautions When Using Mustard Cake In Garden In Hindi

मस्टर्ड केक पाउडर एक उत्कृष्ट जैविक खाद है, जो पौधों को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है, लेकिन इसका उपयोग करते समय कुछ सावधानी बरतना महत्वपूर्ण है,  जो कि निम्न हैं:-

  • मस्टर्ड केक पाउडर में तेज गंध होती है, इसलिए इसका उपयोग करते समय मास्क और हैंड गल्व्स पहनने की सलाह दी जाती है।
  • यह एक प्रभावी उर्वरक है, अतः इसका अधिक प्रयोग न करें, क्योंकि इससे पौधों की जड़ें जल सकती हैं।
  • मस्टर्ड केक पाउडर को बच्चों और पालतू जानवरों से दूर रखें, क्योंकि इसका सेवन हानिकारक हो सकता है।
  • गार्डन में सरसों खली (मस्टर्ड केक) का इस्तेमाल सुबह या शाम के समय करें, तेज धूप में स्प्रे करने से पौधे की पत्तियां जल सकती हैं।

(यह भी जानें: क्या गर्मी में मस्टर्ड केक पौधों के लिए अच्छा है, जानें फुल डिटेल…)

इस लेख में आपने जाना सरसों की खली क्या है, गार्डन के पौधों में सरसों की खली या मस्टर्ड केक पाउडर का उपयोग कब और कैसे करें तथा प्रयोग करने के तरीकों के बारे में। उम्मीद है लेख आपको पसंद आया होगा, लेख के संबंध में आपके जो भी सुझाव हैं हमें कमेंट में जरूर बताएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *