www.organicbazar.net

Om Thakur

रात में खिलने और खुशबू बिखेरने वाले फूल !

खुशबू देने वाले फूलों को हर कोई अपने घर पर लगाना पसंद करता है, हमारे आसपास और बगीचों में ऐसे कई फूल देने वाले पौधे लगे होते हैं जो दिखने में बेहद आकर्षक तो होते ही हैं लेकिन इसके साथ ही उनके फूलों की खुशबू भी बहुत अच्छी और मन को शांत करने वाली होती है।

कुछ ऐसे भी फूल होते हैं जो रात के समय भी खुशबू देते हैं, अगर आप अपने घर पर या बगीचे में ऐसे फूलों के पेड़ों को लगाना चाहते हैं, तो इस स्टोरी में हम आपको कुछ ऐसें ही पौधों के विषय में बताएँगे जो रात में खिल कर पूरे वातावरण को महका देते हैं:

रात रानी का पौधा (Night Queen)

नाइट क्वीन या रात रानी का फूल एक अलग ही किस्म का फूल है, जो केवल रात के समय खिलता है और सुगंध देता है। इसे गमले में आसानी से लगा सकते हैं तथा यह पौधा झाड़ी के रूप में बढ़ता है। रातरानी सिर्फ दिखने में ही खूबसूरत नहीं होता, बल्कि इसके बहुत सारे स्वास्थ संबंधी फायदे भी होते हैं

चंपा का पौधा  (Champa Flower)

चंपा के फूल का नाम भी रात में खुशबू देने वाले फूल के पौधों की लिस्ट में आता है। यह 5 पंखुड़ी वाला फूल होता है, जो गुच्छे के रूप में खिलता है।

जूही के फूल  (Juhi Flower)

जूही के फूल बरसात के समय खिलते हैं। यह छोटे छोटे सफेद रंग के होते हैं और दिखने में बहुत ही आकर्षक और मनमोहक लगते हैं। इसकी मोह देने वाली सुगंध की वजह से लोग इसे अपने घर और गार्डन में लगाना बेहद पसंद करते हैं। 

धतूरा के फूल (Datura Flower)

धतूरे के फूल भी रात में अपनी खुशबू से वातावरण को महका देते हैं। धतूरे के पौधे के फल और फूल का इस्तेमाल भगवान शिव की पूजा करने के लिए भी किया जाता है। धतूरा के फूल दिखने में बेहद आकर्षक और बड़े होते हैं लेकिन साथ ही यह बहुत ही ज्यादा जहरीला भी होता है।

सप्तपर्णी के फूल (Alstonia scholaris)

सप्तपर्णी भी रात में खुशबू देने वाले फूलों के पौधों में से एक है। इसका पेड़ सदाबहार होता है, जिसमें सर्दियों के दौरान छोटे-छोटे आकर्षक सफेद और हरे रंग के फूल खिलते हैं। यह पौधा हिमालय क्षेत्रों में अधिक पाया जाता है और इसके फूलों की खुशबू बहुत तेज होती है।

रजनीगंधा (Tuberose)

रजनीगंधा के फूल भी रात के समय अपनी एक अलग मीठी सुगंध के लिए जाने जाते हैं। आप रजनीगंधा के फूलों को अपनी बालकनी या बगीचे में लगा सकते हैं। रजनीगंधा के फूलों की खुशबू बहुत तेज होती है इसलिए इसका इस्तेमाल इत्र बनाने और अगरबत्ती उद्योग में किया जाता है।

पारिजात (Parijat)

पारिजात के फूल सफेद रंग के होते हैं और दिखने में बेहद खूबसूरत लगते हैं। पारिजात के फूल रात में बहुत अच्छी सुगंध देते हैं और सुबह होते ही यह नीचे गिर जाते हैं। च्छी खुशबू के साथ ही पारिजात में कई औषधीय गुण भी पाए जाते हैं तथा हिन्दू धर्म में भी इन फूलों का धार्मिक महत्व है।

चमेली (Jasmine)

चमेली के फूल सफेद रंग के छोटे-छोटे और दिखने में बेहद आकर्षक और सुंदर होते हैं। चमेली के फूल दिन और रात दोनों समय अपनी खुशबू से वातावरण को महका देते हैं तथा इसके फूल एक दिन के लिए खिलते हैं और सुबह होते ही यह नीचे जमीन पर बिछे हुए दिखाई देते हैं।

मोगरा (Mogra)

मोगरा एक फूल देने वाला पौधा है जिसके फूल सुगंधित और खूबसूरत होते हैं। मोगरे के पौधे को आप गमले या ग्रो बैग की मिट्टी में आसानी से लगा सकते हैं। मोगरा का उपयोग स्वास्थ्य वर्धक के रूप में भी किया जाता है।